फिरोजपुर मंडल में 17 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में 24 सितंबर को ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को न कहें’ अभियान के तहत मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेल यात्रियों को जागरूक किया गया। स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से उद्घोषणा और बैनर लगाकर यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। यात्रियों को प्लास्टिक की बोतलों के बजाय पर्यावरण अनुकूल एवं पुनः उपयोग योग्य बोतलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, स्टेशनों पर लगी बोतल क्रशिंग मशीनों के उचित उपयोग के बारे में भी बताया गया। यात्रियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और कचरे के पृथक्करण के महत्व से अवगत करवाते हुए चार प्रकार के निर्धारित कूड़ेदानों का सही उपयोग करने की जानकारी दी गई। रेलवे स्टेशनों पर वेंडरों को भी प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया गया। यात्रियों से स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की गई। इस दौरान मंडल कार्यालय में अधिकारियों को दोबारा प्रयोग किए जा सकने वाले मग भी वितरित किए गए।