तरनतारन शहर के मुरादपुरा इलाके के पास झाड़ियों से रविवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी तरनतारन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मिले पहचान पत्र के आधार पर मृतक की पहचान गुरसाहिब सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिवारिक सदस्यों को घटना की जानकारी दी। थाना सिटी पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल तरनतारन में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।