युद्ध नशों के विरुद्ध मुहिम के तहत फरीदकोट जिला पुलिस ने शनिवार को जिले के 13 नशा हॉटस्पॉट इलाकों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस की अगुवाई में कोटकपूरा की जैतो चुंगी समेत विभिन्न इलाकों में पुलिस टीमों ने नशा तस्करी से जुड़े संदिग्धों के घरों की तलाशी ली। वहीं, संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभियान में एसपी, डीएसपी और एसएचओ स्तर के अधिकारियों की अगुवाई में पुलिस टीमों ने कार्रवाई की। एसएसपी बैंस ने बताया कि नशे की सप्लाई लाइन तोड़ने के लिए पुलिस की ओर से समय-समय ऑपरेशन चलाए जाते हैं। इसी कड़ी में जिले के 13 हॉटस्पॉट इलाकों को केंद्र में रखकर तलाशी अभियान चलाया गया है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी पर अंकुश लगाना और इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई करना है। एसएसपी ने उम्मीद जताई कि अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशों के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।