फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर अभिनव खोसला के निलंबन को लेकर विभिन्न संगठनों का रोष बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को नगर काउंसिल पार्क में हुई हंगामी बैठक में किसान, शिक्षक, पत्रकार, स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न संगठनों और यूनियनों के ढाई सौ से अधिक पदाधिकारी व सदस्य शामिल हुए। बैठक में 72 घंटे का अल्टीमेटम बेअसर रहने पर आठ अक्टूबर को फिरोजपुर कैंट की सात नंबर चुंगी जाम करने का ऐलान किया गया। संघर्ष कन्वीनर गुरनाम सिंह गामा सिद्धू और एडवोकेट रोहित अरोड़ा ने कहा कि आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के हित में नहीं, बल्कि मिलावटखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि अभिनव खोसला ने खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए दूध, पनीर, खोया, मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए और फेल पाए गए नमूनों के मामलों में कार्रवाई करवाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को 72 घंटे का समय दिए जाने के बावजूद निलंबन रद्द कर खोसला को फिरोजपुर में तैनात नहीं किया गया। संगठनों ने चेतावनी दी कि आठ अक्टूबर को किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ पहुंचेंगे और सात नंबर चुंगी को चारों ओर से जाम कर फिरोजपुर-मोगा-लुधियाना मार्ग पर यातायात रोकेंगे।