पंजाब भर में नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर हड़ताल लगातार जारी है। एनएचएम इंप्लाइज यूनियन पंजाब के नेतृत्व में चल रहे इस संघर्ष के कारण सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। सरकार की ओर से मांगों का ठोस समाधान नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों में भारी रोष है। यूनियन नेता नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ कई बैठकें होने के बावजूद मांगों को लागू नहीं किया गया। नेता बगीचा सिंह ने बताया कि 25 नवंबर को होने वाली कर्मचारी कल्याण कमेटी की बैठक अब 27 नवंबर को होगी। कर्मचारियों को इस बैठक से काफी उम्मीदें हैं और आशा है कि उनकी मांगों पर कोई ठोस फैसला लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैठक में कोई सार्थक नतीजा नहीं निकला तो संघर्ष और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में 30 नवंबर को स्वास्थ्य मंत्री पंजाब के विधानसभा हलके में राज्य स्तरीय रोष रैली की जाएगी। इसमें पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में एनएचएम कर्मचारी शामिल होंगे। यूनियन नेताओं डॉ. युवराज सिंह, डॉ. ललित और हरबंस सिंह ने सरकार से कर्मचारियों की मांगों का स्थायी समाधान करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा।