शहर की दाना मंडी में वीरवार शाम करीब चार बजे विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने धान की सरकारी खरीद शुरू करवाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों का धान सरकारी निर्धारित समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। किसानों और आढ़तियों को खरीद के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। विधायक ने कहा कि मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए पीने के पानी, रोशनी और साफ-सफाई सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हाईब्रिड धान की भी सरकारी नियमों के अनुसार खरीद की जाएगी। इस मौके पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफसी) बंधना कंबोज ने बताया कि मंडी में धान की खरीद शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि 17 प्रतिशत तक नमी वाला धान सरकारी नियमों के अनुसार खरीदा जाएगा। उन्होंने बताया कि धान की खरीद के लिए बारदाने की कोई कमी नहीं है और मंडी में खरीद संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए हैं। डीएफसी ने कहा कि किसानों को मंडी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी तथा खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रहेगी।