पंजाब की धरती पर पहली बार जापान की हॉकी टीम का मोहाली एयरपोर्ट पर ढोल की थाप और भांगड़े के साथ भव्य स्वागत किया गया। नौवीं हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने पहुंची जापानी टीम का पारंपरिक अंदाज में स्वागत कर पंजाब की मेहमाननवाजी की झलक पेश की गई। 27 अक्तूबर से 5 नवंबर तक होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत, जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का आगाज 27 अक्तूबर को जालंधर स्थित ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अनुसार, राज्य सरकार सभी मेहमान खिलाड़ियों का भव्य स्वागत करने और उनकी मेजबानी में कोई कमी नहीं छोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पंजाब को खेल के क्षेत्र में अपनी पहचान मजबूत करने और हॉकी प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने का अवसर मिलेगा।