मोगा हलके के गांव सलीना में विकास कार्यों को गति देते हुए कुल 91 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी गई। इस दौरान 65 लाख रुपये की लागत से मोगा हलके की पहली सरकारी शूटिंग रेंज का नींव पत्थर रखा गया, जबकि 26 लाख रुपये की लागत से गांव की सात इंटरलॉक गलियों के विकास कार्यों का उद्घाटन मोगा हलके की विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा द्वारा अपने कर कमलों से किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सलीना में बनने वाली सरकारी शूटिंग रेंज मोगा हलके के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगी। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को शूटिंग का अभ्यास करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा और उनकी प्रतिभा को निखारने में मदद मिलेगी। विधायक डॉ. अरोड़ा ने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। सरकार का प्रयास है कि गांव स्तर पर ही खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि प्रतिभाशाली युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर जिला, राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि सरकारी शूटिंग रेंज बनने से आसपास के गांवों के युवाओं को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि गांवों का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। सलीणा में 26 लाख रुपये की लागत से सात इंटरलॉक गलियों के विकास कार्य पूरे होने से गांववासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में भी लोगों को परेशानी का सामना कम करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा और लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास जारी रहेंगे। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि मोगा हलके में विकास की रफ्तार लगातार जारी है। सड़क, गलियां, खेल सुविधाएं तथा अन्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल विकास कार्यों की घोषणा करना नहीं, बल्कि उन्हें जमीन पर पूरा करके आम लोगों तक सुविधाएं पहुंचाना है।