पंजाब को खेलों के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई खेडां वतन पंजाब दियां-2026 के प्रति जागरूकता पैदा करने के लिए निकाले जा रहे मशाल मार्च के वीरवार को फरीदकोट पहुंचने पर पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां, विधायक गुरदित्त सिंह सेखों, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा और खेल विभाग की ओर से भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद मशाल मार्च अमरदीप सिंह बासी चौक, जुबली सिनेमा चौक और सेठी डेयरी चौक से होते हुए नेहरू स्टेडियम तक निकाला गया। इसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि प्रदेश की युवा पीढ़ी खेलों से जुड़कर नशे से दूर रहेगी। युवाओं के लिए जीत का जश्न मनाने के साथ-साथ हार को सहने की भावना विकसित करने के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि खेडां वतन पंजाब दियां-2026 में हर आयु वर्ग के लोग हिस्सा ले सकते हैं। इससे पंजाब दोबारा हंसता-खेलता, खुशहाल और रंगला पंजाब बन सकेगा। संधवां ने खेलों के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की ।विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने कहा कि यह पंजाब सरकार की एक बेहतरीन पहल है। इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ेगा और खेलों के प्रति उनकी रुचि में इजाफा होगा। उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा नहीं है। उन्होंने युवाओं से अधिक से अधिक खेलों में हिस्सा लेने तथा अभिभावकों से अपने बच्चों को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने बताया कि इसके तहत ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।