बकाया डीए, पुरानी पेंशन बहाली समेत अन्य मांगों के समर्थन आज पंजाब के सभी सरकारी कर्मचारी कामकाज ठप कर सांकेतिक भूख हड़ताल करेंगे। सभी जिलों के डीसी कार्यालयों, निदेशालयों और सचिवालिय स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। एक दिन की पेन डाउन स्ट्राइक के बाद विभिन्न कर्मचारी जत्थेबंदियों की ज्वाइंट एक्शन कमेटी आगामी रणनीति तय करेगी। अगले चरण में विधायकों और मंत्रियों के आवास घेरे जाने की योजना है। उधर, कर्मचारी नेताओं के तबादले आदेश भी जारी हो रहे हैं। इस पर कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा कि नेताओं के तबादले करने से कर्मचारियों का संघर्ष प्रभावित नहीं होगा, वे अपने हकों की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी मसले पर पंजाब सरकार ने करीब 85 हजार उन कर्मचारियों का डीए 42 से बढ़ाकर 60 फीसदी करने का प्रस्ताव दिया है, जिन्हें 17 जुलाई 2020 के बाद भर्ती किया गया और जिन पर केंद्रीय वेतनमान लागू है। इससे सरकार पर करीब 900 करोड़ रुपये सालाना का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह प्रस्ताव कैबिनेट सब-कमेटी ने तैयार किया है और अंतिम मंजूरी मुख्यमंत्री स्तर पर होनी है।