कोटकपूरा के फरीदकोट रोड पर स्थित गीना गैस एजेंसी के कार्यालय का शटर तोड़कर चोर करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना का पता मंगलवार सुबह उस समय चला, जब कर्मचारियों ने कार्यालय का शटर टूटा हुआ देखा। जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम एजेंसी के कर्मचारी कार्यालय बंद करके घर चले गए थे। सुबह सूचना मिलने पर मैनेजर सुरिंदर सिंह, अन्य कर्मचारी और एजेंसी संचालक मौके पर पहुंचे। अंदर जाकर जांच करने पर दराजें टूटी मिलीं और उनमें रखी नकदी गायब थी। इसके बाद सिटी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी है। मैनेजर सुरिंदर सिंह के अनुसार, सोमवार शाम सेल्समैनों द्वारा जमा करवाई गई नकदी दराज में रखी गई थी। प्रारंभिक तौर पर करीब 25 से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।