पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि डीसीएम ग्रुप ने 1946 में शिक्षा संस्थान की स्थापना कर फिरोजपुर को शिक्षा का अनमोल तोहफा दिया। विद्यार्थियों को पारंपरिक शिक्षा के साथ उद्यमिता से जोड़ना समय की जरूरत है। वह डीसीएम इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह ‘वेव्स-26’ में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। ‘4सीएस एंड बियॉन्ड’ थीम पर आयोजित समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। संधवां ने विद्यार्थियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने डीसीएम ग्रुप के सीईओ डॉ. अनिरुद्ध गुप्ता की पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उद्यमिता शिक्षा बच्चों को नए विचार विकसित करने और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में मदद करेगी।