एसबीएस स्टेट यूनिवर्सिटी में वीआईपी मेहमानों और अधिकारियों के लिए तैयार किए जा रहे खाने में अजीनोमोटो (मोनोसोडियम ग्लूटामेट) का इस्तेमाल पाए जाने पर फूड सेफ्टी विभाग ने कार्रवाई की। विभाग की टीम ने अचानक जांच के दौरान तैयार खाने को मौके पर ही नष्ट करवा दिया, ताकि इसे किसी को परोसा न जा सके। जानकारी के अनुसार, यूनिवर्सिटी परिसर में टेंट लगाकर वीआईपी मेहमानों और अधिकारियों के लिए खाना तैयार किया जा रहा था। इसकी कैटरिंग की जिम्मेदारी मोहन टेंट हाउस के पास थी। जांच के दौरान टीम को खाने में अजीनोमोटो का इस्तेमाल होने का पता चला। इसके बाद विभाग ने मौके पर ही इसका इस्तेमाल रुकवाया और तैयार खाना नष्ट करवा दिया। फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने कहा कि प्रत्येक कैटरर, होटल संचालक और खाद्य कारोबारियों के लिए फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के नियमों का पालन करना जरूरी है। किसी भी खाद्य पदार्थ में एडिटिव का इस्तेमाल निर्धारित मानकों और स्वीकृत शर्तों के अनुसार ही किया जा सकता है। विभाग ने कहा कि जागरूकता और बार-बार जांच के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। इसे धक्केशाही कहना उचित नहीं है। विभाग का उद्देश्य लोगों को परेशान करना नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।