श्री गोइंदवाल साहिब से तरनतारन जाने वाली सड़क पर गांव वईपुई के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार चालक 21 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विशु कुमार (21), पुत्र तरन कुमार, निवासी छेहरटा, अमृतसर के रूप में हुई है। वह अपनी होंडा अमेज कार नंबर *PB 02 DU 9214* में सवार होकर कामकाज के सिलसिले में गोइंदवाल साहिब आया था और वहां से वापस अमृतसर जा रहा था। बताया जा रहा है कि गांव वईपुई के निकट पहुंचने पर कार का संतुलन बिगड़ गया, जिसके चलते कार सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही श्री गोइंदवाल साहिब थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना श्री गोइंदवाल साहिब के ड्यूटी अधिकारी एएसआई बलदेव सिंह ने जानकारी दी।