शहीद भगत सिंह स्टेट यूनिवर्सिटी फिरोजपुर में आयोजित दीक्षांत समारोह में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को संबोधित करते हुए कहा कि करीब सवा दो साल के दौरान शायद यह पहला मौका है, जब उन्हें एक साथ किसी दीक्षांत समारोह में मिलने का अवसर मिला है। कटारिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में डिग्री हासिल करना हर व्यक्ति के लिए गर्व और खुशी का पल होता है। शिक्षा पूरी करने के बाद मिलने वाली डिग्री केवल एक प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, लगन और संघर्ष का परिणाम होती है। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह की एक ऐसी तस्वीर होती है, जो लगभग हर घर में देखने को मिलती है। यह तस्वीर परिवार के लिए हमेशा यादगार बन जाती है। राज्यपाल ने कहा कि दीक्षांत समारोह का दिन विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण होता है। माता-पिता अपने बच्चों को मेहनत के बाद डिग्री हासिल करते हुए देखकर गर्व और आनंद महसूस करते हैं। बच्चों की इस उपलब्धि के पीछे अभिभावकों का त्याग, सहयोग और उनकी उम्मीदें भी जुड़ी होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धि को उनके परिवारों के लिए खुशी और सम्मान का अवसर बताया।