होशियारपुर के लोगों का मेडिकल कॉलेज बनाने का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ गया है। बुधवार को विधायक ब्रम शंकर जिंपा ने सिविल अस्पताल परिसर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया। करीब 276 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को वर्ष 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस अवसर पर विधायक जिंपा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने होशियारपुर को मेडिकल कॉलेज की सौगात देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस परियोजना के तहत 350 बिस्तरों की क्षमता वाला आधुनिक अस्पताल भी बनाया जाएगा, जिस पर लगभग 146 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। शेष राशि मेडिकल कॉलेज की इमारत, विद्यार्थियों के हॉस्टल और अन्य जरूरी सुविधाओं के निर्माण पर खर्च होगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पताल बनने से होशियारपुर के साथ-साथ आसपास के जिलों और हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दूसरे बड़े शहरों में जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। इसके अलावा स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में एमबीबीएस की पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करना पंजाब सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। मेडिकल कॉलेज जिले में चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस मौके पर मेयर प्रवीण सैनी, सिविल सर्जन डॉ. मंदीप कमल, डिप्टी मेडिकल कमिश्नर डॉ. स्वाति शीमार, एसएमओ डॉ. नवजोत, एक्सईएन सुखचैन सिंह, समूह पार्षदों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।