भगवान वाल्मीकि महाराज के जन्मदिवस को समर्पित प्रभात फेरी से लौटते समय एक दर्दनाक हादसे में 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत हो गई। छात्रा की चुन्नी घड़ुक्के (पीटर रेहड़ी) के इंजन की बेल्ट में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस ने पहुंच अपनी कार्रवाई शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार ममदोट क्षेत्र की संगतें शनिवार सुबह तड़के भगवान वाल्मीकि महाराज के जन्मदिवस को समर्पित प्रभात फेरी निकालने के लिए गुरुद्वारा ज्ञान निवास से रवाना हुई थीं। प्रभात फेरी संपन्न होने के बाद शाम को संगतें टेंपो (घड़ुक्के) में सवार होकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान 17 वर्षीय सिमरनजीत कौर पुत्री सोनू घड़ुक्के के अगले हिस्से में इंजन के पास बने फट्टे पर बैठी हुई थी। अचानक उसकी चुन्नी इंजन की बेल्ट में फंस गई। हादसा इतना गंभीर था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार और क्षेत्र के लोगों में मातम छा गया।