मानसा के नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा का आज चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में पोस्टमार्टम होगा। गुरुवार आधी रात करीब 12 बजे उनके शव को एंबुलेंस के जरिए चंडीगढ़ रवाना किया गया। ‘सतनाम वाहेगुरु’ का जाप करते हुए उनके शव को अस्पताल की मोर्चरी से बाहर निकाला गया। इसके बाद आधुनिक सुविधाओं से लैस आईसीयू, वेंटिलेटर और फ्रीजर वाली एंबुलेंस में शव को रखकर चंडीगढ़ पीजीआई भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को मानसा लाने और अंतिम संस्कार को लेकर आगे की प्रक्रिया की जाएगी। परविंदर सिंह झोटा को इंसाफ दिलाने के लिए चल रहे संघर्ष के 23वें दिन पंजाब सरकार और एक्शन कमेटी के बीच सहमति बनी थी। परिवार को 2 करोड़ रुपये मुआवजा और नौकरी देने का भरोसा दिया गया। दलजीत सिंह भम्मे के परिवार को भी नौकरी और मुआवजा देने का भरोसा दिया गया है।