लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी की घटना के विरोध में शुक्रवार को अमृतसर में विभिन्न वाल्मीकि संगठनों ने रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भंडारी पुल को चारों तरफ से बंद कर यातायात बाधित कर दिया। इस दौरान पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन कर रहे वाल्मीकि नेताओं ने घटना पर कड़ा रोष जताते हुए कहा कि बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा की बेअदबी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। नेताओं ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में बाबा साहेब की प्रतिमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा बेअदबी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। वाल्मीकि नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में पंजाब स्तर पर बड़ा संघर्ष शुरू किया जा सकता है। प्रदर्शन के कारण भंडारी पुल के आसपास यातायात प्रभावित रहा।