आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को संवेदनशील घटनाओं और लोगों की मौत पर राजनीति करने के बजाय पंजाब के असली मुद्दों पर बात करनी चाहिए। धालीवाल ने फरीदकोट में ठेकेदार के परिवार से जुड़ी घटना का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राजा वड़िंग पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि घटना में परिवार के सदस्यों की मौत और घायल महिला के बयान के बाद कांग्रेस नेताओं को बताना चाहिए कि उन्होंने मामले में क्या कार्रवाई की मांग की। राहुल गांधी के पंजाब को लेकर किए गए ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए धालीवाल ने कहा कि अगर कांग्रेस वास्तव में पंजाब को लेकर चिंतित है तो उसे नशे के मुद्दे पर भी गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि कैप्टन अमरिंदर सिंह के कार्यकाल में कांग्रेस नेताओं पर नशे के कारोबार से जुड़े आरोपों के दौरान पार्टी नेतृत्व ने क्या कार्रवाई की थी। धालीवाल ने दावा किया कि पंजाब सरकार पिछले तीन वर्षों से नशे के खिलाफ अभियान चला रही है और हजारों तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि नशे में फंसे युवाओं के इलाज और पुनर्वास की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोई भी नशा तस्कर कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।