फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिवपुरी: सात साल पुरानी रंजिश में फूफा की हत्या, शराब के नशे में पत्थर से सिर कुचला, आरोपी हिरासत में

Wed, 16 Sep 2026 11:06 AM IST
शिवपुरी ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिवपुरी

जिले के सिरसौद थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में भौराना निवासी दिलीप रावत को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या के पीछे करीब 7 से 8 साल पुरानी रंजिश सामने आई है। आरोपी को शक था कि उसके पिता प्रीतम रावत की संदिग्ध मौत के पीछे उसके फूफा मोहर सिंह रावत का हाथ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने 21 अगस्त की रात मोहर सिंह की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात राती किरार पुलिया के पास हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज, एफएसएल जांच और साइबर सेल से मिले तकनीकी सुरागों को खंगाला।

पूछताछ में सामने आया कि वारदात के समय दिलीप रावत शराब के नशे में था। उसने पहले मोहर सिंह के साथ मारपीट की और उसे जमीन पर पटक-पटककर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी ने पत्थर से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने शव को मौके से हटाने की कोशिश भी की। पुलिस के मुताबिक दिलीप ने शव को घसीटकर सड़क के नीचे ले जाने का प्रयास किया, ताकि वारदात के निशान छिपाए जा सकें लेकिन शराब के नशे में होने के कारण वह शव को ज्यादा दूर तक नहीं ले जा सका।

ये भी पढ़ें: सागर: समर्थन मूल्य पर मक्का खरीदी में बड़ा घोटाला, बिना खरीदे किसानों के खातों में भेजे 76 लाख, एक गिरफ्तार

उधर घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही एफएसएल टीम से मिले साक्ष्यों और साइबर सेल की तकनीकी जांच को भी जोड़ा गया। इन सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर को दिलीप रावत को शिवपुरी में मथुरा की ओर से आते समय गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने मोहर सिंह की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के मुताबिक इस पूरे मामले में हत्या की वजह कोई तत्काल विवाद नहीं, बल्कि कई साल पुरानी रंजिश थी। आरोपी को अपने पिता की संदिग्ध मौत में फूफा के शामिल होने का शक था और इसी शक ने करीब 7-8 साल बाद हिंसक वारदात का रूप ले लिया।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें