सीहोर जिले के इछावर मार्ग पर भाऊखेड़ी जोड़ के पास बीच हाईवे एक व्यक्ति की छड़ी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में एक व्यक्ति सड़क पर दूसरे शख्स को छड़ी से लगातार पीटता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान हाईवे से वाहन भी गुजरते नजर आ रहे हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी बताए जा रहे व्यक्ति ने सड़क पर ही दूसरे शख्स को रोक रखा है। इसके बाद वह उसके साथ मारपीट करता नजर आता है। छड़ी से लगातार वार किए जाने का दृश्य राहगीरों और वाहन चालकों के सामने हुआ। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। घटना के दौरान आसपास से कई वाहन गुजरते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में किसी व्यक्ति द्वारा तत्काल हस्तक्षेप कर मारपीट रोकने का प्रयास स्पष्ट रूप से नजर नहीं आता।मुख्य मार्ग पर इस तरह मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि सार्वजनिक सड़क पर इस तरह मारपीट होती है तो ऐसे मामलों में तत्काल पुलिस हस्तक्षेप और आरोपियों की पहचान जरूरी है।
ये भी पढ़ें- रसिक दुलारी मौत: प्रेमानंदजी महाराज के शिष्य की मौत पर बड़ा ट्विस्ट, अब पंडोखर सरकार ने पुलिस को दिया क्या ऑफर
शिकायत नहीं मिली, पुलिस बोली-दोषियों को नहीं बख्शेंगे
इछावर थाना प्रभारी रामबाबू राठौर ने बताया कि मामले में फिलहाल पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जानकारी जुटा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों की मांग है कि पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान कर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे। साथ ही जिस व्यक्ति के साथ मारपीट हुई है, उसकी पहचान कर उसके बयान लिए जाएं और यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाए।
अब पुलिस की कार्रवाई पर नजर
फिलहाल इस मामले में शिकायत दर्ज होने और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होगी। लेकिन बीच हाईवे पर मारपीट का वायरल वीडियो यह सवाल जरूर खड़ा कर रहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस कितनी तेजी से कार्रवाई करती है।