सतना जिले के मझगवां क्षेत्र में वन विभाग द्वारा एक आदिवासी किसान का ट्रैक्टर जब्त किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ट्रैक्टर जब्ती की इस कार्रवाई के विरोध में चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार ने सोमवार शाम से देर रात तक करीब 10 घंटे तक धरना दिया।
वन विभाग ने क्यों जब्त किया किसान का ट्रैक्टर
मिली जानकारी के अनुसार, मझगवां के बीट कररिया के कक्ष क्रमांक पी-830 (संरक्षित वन भूमि) में 3 अक्टूबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अवैध जुताई की सूचना वन विभाग को मिली थी। वन विभाग के एसडीओ अभिषेक तिवारी और रेंजर रंजन सिंह परिहार ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया था।
विधायक और ग्रामीणों का प्रदर्शन, मामला पहुंचा सीएम हाउस
वन विभाग की कार्रवाई से नाराज चित्रकूट विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार सोमवार शाम 4 बजे अपने समर्थकों और बड़ी संख्या में आदिवासी ग्रामीणों के साथ मझगवां स्थित वन विभाग के रेंज ऑफिस पहुंचे और धरने पर बैठ गए। विधायक ट्रैक्टर को तत्काल छोड़ने की मांग पर अड़े रहे। मामला बढ़ता देख इसकी जानकारी मुख्यमंत्री निवास भोपाल तक पहुंची, जिसके बाद विधायक की मुख्यमंत्री से फोन पर बात भी हुई।
ये भी पढ़ें- आस्था, कला और हुनर का संगम: सागर में 50 साल से बन रही दुर्गा प्रतिमाएं, देशभर में रहती है डिमांड
कलेक्टर और एसपी के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना
रात करीब 12:30 बजे कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस और एसपी हंसराज सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। इसके बाद विधायक ने अपना धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, जब्त ट्रैक्टर फिलहाल वन विभाग की अभिरक्षा में ही है। वन विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी।