फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रतलाम: चंबल नदी की पुलिया से बहते पानी में निकलते समय बाइक सहित दो युवक पानी में बहे, एक की मौत

Thu, 17 Sep 2026 10:41 PM IST
रतलाम ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रतलाम

ताल थाना क्षेत्र में आनाखेड़ी के पास चंबल नदी की छोटी पुलिया पर बह रहे पानी को पार करना बाइक सवार दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिया पार करते समय बाइक फिसलने से दोनों युवक बाइक समेत नदी में जा गिरे। एक युवक तैरकर बाहर निकल आया, जबकि उसका साथी गहरे पानी में डूब गया। एसडीआरएफ की टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मंडावल निवासी 30 वर्षीय मिट्ठूनाथ और उसकी बुआ का बेटा 24 वर्षीय मांगूनाथ पिता गोपीनाथ निवासी ग्राम लूनी गुरुवार दोपहर बाइक से सीतामऊ जा रहे थे। दोनों मंडावल से ताल होते हुए ताल-असावती-सीतामऊ मार्ग से निकले थे। असावती और आनाखेड़ी के बीच चंबल नदी पर बनी छोटी पुलिया (रपट) पर पानी बह रहा था। दोनों युवक बिना रुके बाइक से बहते पानी के बीच पुलिया पार करने लगे। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई। दोनों बाइक समेत पुलिया से नीचे नदी में जा गिरे।

ये भी पढ़ें- धार में दो हादसों में तीन की मौत: आमने-सामने भिड़ीं बाइकों में गई दो की जान तो बल्कर ने बाइक सवार को रौंदा

मिट्ठूनाथ को तैरना आता था, इसलिए वह किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया। वहीं मांगूनाथ गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने एसडीआरएफ को बुलाया। टीम ने ग्रामीणों की मदद से करीब 30 मिनट की तलाश के बाद मांगूनाथ को नदी से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन पहले शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पोस्टमार्टम कराने की समझाइश दी, जिसके बाद शव को ताल के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

साथी ने बताया- बाइक समेत दोनों नदी में गिरे
घटना के बाद मिट्ठूनाथ का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें वह बता रहा है कि मांगूनाथ उसकी बुआ का बेटा था और वह उसे अपने साथ सीतामऊ ले जा रहा था। पुलिया पर बाइक फिसलने से दोनों नदी में गिर गए। उसे तैरना आता था, इसलिए वह बाहर निकल गया, जबकि मांगूनाथ बाहर नहीं निकल सका। बाद में बाइक भी नदी से निकाल ली गई।

दस साल से अधूरी है ऊंची पुलिया
ताल-असावती-सीतामऊ मार्ग पर आनाखेड़ी के पास बनी यह पुलिया छोटी और नीची है। बारिश के दौरान चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने पर पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता है। इसके चलते कई दिनों तक आवागमन प्रभावित रहता है। इसके बावजूद ग्रामीण कई बार जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच से निकलते हैं।ग्रामीणों के अनुसार, इस पुलिया के स्थान पर बड़ी और ऊंची पुलिया बनाने का काम करीब दस साल पहले शुरू हुआ था। कुछ निर्माण के बाद काम बंद हो गया। निर्माण में गड़बड़ी के चलते अधूरे हिस्से को बाद में ढहा दिया गया। इसके बाद दूसरे ठेकेदार को काम दिया गया, लेकिन वह भी निर्माण पूरा नहीं कर सका। असावती के समाजसेवी प्रेमराज परमार ने बताया कि ग्रामीणों ने 16 जून 2026 को पुलिया निर्माण की मांग को लेकर धरना दिया था। उस समय अधिकारियों ने जल्द निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक काम पूरा नहीं हुआ है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें