मुरैना में चंबल से जुड़े अवैध रेत कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई के बीच एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पुलिस से बचने के लिए रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने हाईवे पर ही रेत बिखेरना शुरू कर दिया। चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली का हाइड्रोलिक उठाकर सड़क पर रेत गिरा दी। देखते ही देखते सड़क पर रेत की परत फैल गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा पैदा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन थाना पुलिस चंबल से रेत भरकर आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रही थी। पुलिस को पीछे आता देख चालक ने ट्रैक्टर की रफ्तार बढ़ा दी। जब उसे लगा कि पुलिस टीम उसका पीछा नहीं छोड़ रही है, तो उसने पुलिस से बचने के लिए खतरनाक तरीका अपनाया। चालक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली का हाइड्रोलिक ऊपर उठाया और चलते वाहन से ही रेत सड़क पर गिराना शुरू कर दिया। कुछ ही दूरी में हाईवे पर रेत फैल गई। अचानक सड़क पर रेत आने से वहां से गुजरने वाले वाहनों के लिए स्थिति खतरनाक हो गई।
ये भी पढ़ें- मुरैना में रेत माफिया का खौफनाक खेल: पुलिस से बचकर भागे ट्रैक्टर ने कार को 50 मीटर तक घसीटा, बाल-बाल बची जान
बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने इसके बावजूद ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा जारी रखा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरी घटना ने चंबल क्षेत्र में रेत परिवहन को लेकर एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस से बचने के लिए कोई वाहन चालक हाईवे पर चलते-चलते रेत फैलाने जैसा खतरनाक कदम कैसे उठा सकता है?
अगर पीछे से आने वाला कोई दोपहिया वाहन या तेज रफ्तार कार अचानक रेत पर पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। सड़क पर रेत फैलने से वाहन का संतुलन बिगड़ने का खतरा भी बना रहता है। मुरैना और चंबल अंचल में रेत के अवैध कारोबार को लेकर पुलिस और प्रशासन लगातार कार्रवाई का दावा करते रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस से बचने के लिए इस तरह के तरीके सामने आना कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली है और चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि रेत कहां से लाई जा रही थी और परिवहन के संबंध में चालक के पास कौन से दस्तावेज थे।फिलहाल राहत की बात यह है कि सड़क पर रेत फैलाने की इस घटना में किसी बड़े हादसे की सूचना नहीं है।