मंडला जिले के पाठा सिहोरा स्थित राजा शंकर शाह-रघुनाथ शाह शासकीय सीनियर एवं जूनियर बालक छात्रावास से जूनियर छात्रों के साथ कथित बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीनियर छात्रावास के कुछ छात्रों ने जूनियर छात्रावास के तीन छोटे बच्चों पर पैसे चोरी करने का आरोप लगाकर उन्हें रात में सोते समय उठाया और उनके साथ मारपीट व प्रताड़ना की।
बताया जा रहा है कि बच्चों से पहले चोरी के संबंध में पूछताछ की गई और आरोप है कि इसके बाद उनकी बेल्ट से पिटाई की गई। बच्चों के मुताबिक, उनसे कहा गया कि जिसने चोरी नहीं की होगी, उसके हाथ नहीं जलेंगे। इसके बाद उनके हाथों पर कथित तौर पर अंगारे रखे गए। इससे बच्चों के हाथ झुलसने और छाले पड़ने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें- छात्रावासों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई: दो अधीक्षक निलंबित, दो की वेतनवृद्धि रोकी; सात को नोटिस
घटना के बाद बच्चों ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिजन छात्रावास पहुंचे और बच्चों के साथ हुई कथित घटना को लेकर छात्रावास की व्यवस्थाओं तथा निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए। घटना के सामने आने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
मामले की जानकारी मिलने पर पिंडरई पुलिस और सहायक आयुक्त कार्यालय द्वारा जांच की जा रही है। वहीं जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारी अरुण शुक्ला ने मामले को गंभीर बताते हुए त्वरित कार्रवाई की बात कही है। अरुण शुक्ला ने बताया कि वे भोपाल की बैठक से लौटे हैं और मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद उसे सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले महीने उनके द्वारा छात्रावास का निरीक्षण किया गया था। उस दौरान सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास के अधीक्षक मौजूद थे, जबकि जूनियर बालक छात्रावास के अधीक्षक अवकाश पर थे।
अधिकारी ने कहा कि मामले में तत्काल संज्ञान लिया गया है और गंभीर विषय होने के कारण त्वरित कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ विभागीय नियमों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस और विभागीय स्तर पर जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।