फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्वालियर: रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के घर घुसकर मारपीट का आरोप, ट्रैफिक सिपाही पर केस; कैमरे में कैद हुई घटना

Mon, 28 Sep 2026 07:19 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

ग्वालियर शहर के कैलाश विहार स्थित देवाशीष एन्क्लेव में रिटायर्ड आबकारी अधिकारी के घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप एक ट्रैफिक सिपाही पर लगे हैं। खास बात यह है कि फरियादी और आरोपी आपस में रिश्तेदार और समधी बताए जा रहे हैं। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है।

रिटायर्ड आबकारी अधिकारी राकेश शर्मा ने विश्वविद्यालय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, राकेश शर्मा अपने घर पर बैठे थे। इसी दौरान रजनीश द्विवेदी उनके घर पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर बहस करने लगे। आरोप है कि घर में घुसते ही रजनीश ने गाली-गलौज शुरू कर दी।

राकेश शर्मा का आरोप है कि विरोध करने पर रजनीश ने उनके साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। हमले में उनकी दाहिनी आंख के नीचे, होंठ, सिर, घुटने और पैर में चोट आई। पति के साथ मारपीट होते देख उनकी पत्नी रजनी शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया और थप्पड़ मारे। शिकायत में रजनी शर्मा के हाथ और कूल्हे में चोट आने का भी दावा किया गया है।

पढे़ं: आखिरी कॉल के बाद इन्फ्लुएंसर निधि का भावुक पोस्ट, कमरे में हुईं बंद; मोबाइल से तलाशे जा रहे मौत के सुराग

घटना के बाद दंपती ने परिजनों को जानकारी दी और विश्वविद्यालय थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

राकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि शिकायत करने थाने पहुंचने के दौरान भी आरोपी ने उन्हें धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने दंपती को काटकर हत्या करने की धमकी दी। जाते समय उसने कथित तौर पर कहा, “आज तो बच गए, अगली बार जान से खत्म कर दूंगा।”

जानकारी के मुताबिक, राकेश शर्मा और रजनीश द्विवेदी आपस में रिश्तेदार और समधी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें