फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह: घर के बाहर खड़े ई-ऑटो को 3 साल के मासूम ने किया चालू, दीवार से टकराकर पलटा वाहन; नीचे दबने से मौत

Sun, 01 Nov 2026 03:33 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुरखी उमरिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घर के बाहर खड़े ई-ऑटो को मासूम ने अचानक चालू कर दिया। वाहन कुछ दूर चलने के बाद दीवार से टकराकर पलट गया। इस दौरान बच्चा ऑटो के नीचे दब गया। परिजन उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरखी उमरिया निवासी अजीत पिता देवेंद्र अहिरवार (3) घर के बाहर खड़े ई-ऑटो के पास खेल रहा था। वहां अन्य बच्चे भी मौजूद थे। इसी दौरान अजीत ने ई-ऑटो चालू कर दिया। वाहन अचानक चल पड़ा और कुछ दूर जाने के बाद दीवार से टकराकर पलट गया। हादसे में अजीत ऑटो के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने किसी तरह ऑटो उठाकर मासूम को बाहर निकाला और तत्काल हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

गंभीर हालत में जिला अस्पताल किया गया रेफर
हिंडोरिया स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक परीक्षण के बाद चिकित्सकों ने मासूम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बच्चे को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। यहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पढ़ें:  प्रदेश के सभी सरकारी अस्पताल आज से कागज-रहित, सेहत का रिकॉर्ड अब डिजिटल

अस्पताल के शवगृह में रखवाया शव, पुलिस ने शुरू की जांच
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रविवार सुबह बच्चे के शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। सूचना मिलने पर हिंडोरिया पुलिस ने घटनास्थल और हादसे के संबंध में परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी
यह हादसा अभिभावकों के लिए भी एक गंभीर सबक है। घर के बाहर खड़े वाहनों की चाबी निकालकर सुरक्षित रखना और छोटे बच्चों को वाहनों से दूर रखना बेहद जरूरी है। थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें