तेलीबाग स्थित राम भरोसे मैकूलाल इंटर कॉलेज में शनिवार को कंट्रोलर व्यवस्था लागू हो गई। राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने नए कंट्रोलर के रूप में कार्यभार संभाल लिया। कॉलेज के प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे डॉ. रामचंद्र ने उनका स्वागत किया। कार्यभार संभालने के बाद कंट्रोलर ने कॉलेज के स्टाफ की उपस्थिति जांची। उपस्थिति रजिस्टर में तीन शिक्षकों की हाजिरी दर्ज नहीं मिली, जिस पर उनसे जवाब मांगा गया। उन्होंने पूरे कॉलेज परिसर का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अमर उजाला में प्रकाशित खबरों के आधार पर उन जमीनों की स्थिति देखी गई, जहां पूर्व प्रबंधक श्रीकांत साहू पर अवैध पट्टे देने के आरोप हैं। बता दें कि सोसाइटी रजिस्ट्रार की जांच रिपोर्ट के आधार पर अमर उजाला ने जुलाई में कॉलेज परिसर में 41 अवैध पट्टों का खुलासा किया था। आरोप है कि इन पट्टों के जरिए करोड़ों रुपये का लेनदेन किया गया। नए कंट्रोलर ने संबंधित स्थानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पहले दिन कॉलेज परिसर में गंदगी देखकर कंट्रोलर ने नाराजगी जताई और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक व्यवस्था लागू करने की बात भी कही। इस दौरान पूर्व प्रबंधक श्रीकांत साहू कॉलेज नहीं पहुंचे। नए कंट्रोलर ने अमर उजाला के कैमरे पर बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं भी बताईं। उन्होंने कॉलेज की व्यवस्था सुधारने, उपस्थिति नियमित कराने और परिसर की स्थिति दुरुस्त करने पर जोर दिया।