बख्शी का तालाब स्थित रामसागर मिश्रा सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे बिजली आपूर्ति ठप होने से मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब नौ घंटे बाद शाम 4:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे सेवाएं भी प्रभावित रहीं। बिजली कर्मचारियों के अनुसार साढ़मऊ 220 केवी ट्रांसमिशन से अस्पताल की 33 केवी सप्लाई में खराबी आई थी। फाल्ट ठीक करने के बाद अस्पताल के पास लगे ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ गए। इसके बाद जनरेटर और बिजली आपूर्ति के बीच तकनीकी समस्या के कारण अस्पताल की आंतरिक बिजली व्यवस्था में भी फाल्ट आ गया, जिसे ठीक करने में समय लगा। अस्पताल के सीएमएस डॉ. वीके शर्मा ने बताया कि जनरेटर के जरिए आवश्यक सेवाएं चालू रहीं।