फैजुल्लागंज में बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। रोजाना करीब 300 मीटर नए इलाकों में बाढ़ का पानी फैल रहा है। मिल्लत नगर रोड स्थित जैनब मस्जिद, राम विहार कॉलोनी समेत आधा दर्जन से अधिक कॉलोनियां जलमग्न हो गई हैं। शुक्रवार को सामाजिक कार्यकर्ता ममता त्रिपाठी के नेतृत्व में लोगों ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया। ममता त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि जलभराव से प्रभावित हजारों लोग पीने के साफ पानी के लिए तरस रहे हैं। अधिकारियों से मदद मांगने पर पीड़ितों के साथ अभद्रता की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों की गृहस्थी बर्बाद हो रही है, ऐसे में प्रशासन प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे की घोषणा करे। उन्होंने बताया कि कई लोग घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं और पालतू जानवरों को घर में ही छोड़ना पड़ा है। करीब पांच फीट गहरे पानी में फंसे ये जानवर भूखे-प्यासे हैं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की। इस दौरान बाल महिला सेवा संगठन की दुर्गा वाहिनी की ओर से जलभराव प्रभावित लोगों को राहत सामग्री वितरित की गई। समाजसेवी गुड़िया सिंह, आशा मौर्या, प्रियांका बाजपेई, सोनी सिंह, राधा सिंह, उज्ज्वल दीक्षित और अमित शुक्ल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।