सीतापुर रोड से पुराने लखनऊ को जोड़ने वाले पक्का पुल के बगल में नए पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही जाम की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है। पुल का काम अंतिम चरण में है और जल्द ही इसे लोगों के लिए खोला जा सकता है। वहीं, दूसरी ओर ग्रीन कॉरिडोर मार्ग पर गऊघाट के पास सड़क किनारे का हिस्सा धंस गया है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने आने-जाने वाले वाहनों को सतर्क करने के लिए धंसे हुए हिस्से के पास पेड़ की डाल लगा दी है, ताकि वाहन चालक दूर से ही खतरे को देखकर सावधान हो सकें। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत जल्द कराई जानी चाहिए, जिससे किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।