बीरपुर गांव में सोमवार रात करीब दो बजे किसान रामसिंह रावत के मकान की पक्की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। पास में सो रहे रामसिंह, उनकी पत्नी रामदेवी और तीन वर्षीय पोती लाडो मलबे में दब गईं। चीख-पुकार सुनकर बेटे मुकेश ने पड़ोसियों को बुलाया। ग्रामीणों की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसी दौरान वहां से गुजर रही पुलिस की गश्ती टीम ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। सीएचसी के डॉक्टर उमेश चंद्र के मुताबिक रामदेवी के सिर में चोट लगी है, जबकि रामसिंह के कंधे और कूल्हे में फ्रैक्चर हुआ है। लाडो के पेट में चोट आई है।