शहीद स्मारक मार्ग स्थित कारगिल शहीद पार्क के पीछे आए दिन कूड़ा जलाए जाने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि सफाई कर्मचारी कूड़े में आग लगा देते हैं, जिससे उठने वाला धुआं हवा के साथ सड़क तक पहुंच जाता है। सड़क से गुजरने वाले लोगों को धुएं के बीच से निकलना पड़ता है। इससे उन्हें सांस लेने में परेशानी और असहजता महसूस होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा जलाने की समस्या बार-बार सामने आ रही है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। कूड़ा जलाने से आसपास के वातावरण पर भी असर पड़ता है। ऐसे में संबंधित विभाग को मामले का संज्ञान लेकर कूड़े का उचित निस्तारण सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि राहगीरों को धुएं और प्रदूषण से राहत मिल सके।