लखनऊ स्थित साईं सेंटर में भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने आगामी एशियाई खेलों के लिए भारतीय कुश्ती टीम की तैयारियों को लेकर अमर उजाला से बातचीत की। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम की तैयारी मजबूत है और खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। हाल में दो-तीन खिलाड़ियों के डोप टेस्ट में पकड़े जाने के मामले पर संजय सिंह ने कहा कि यह खिलाड़ियों की जानकारी की कमी के कारण हुआ। उनके मुताबिक, स्थानीय कोचों की ओर से शॉर्टकट अपनाने की सलाह के चलते खिलाड़ी ऐसी स्थिति में फंस जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या से निपटने के लिए नाडा और भारतीय कुश्ती संघ मिलकर काम कर रहे हैं। ट्रायल से पहले खिलाड़ियों की कक्षाएं लगाकर उन्हें प्रतिबंधित पदार्थों और डोपिंग नियमों को लेकर जागरूक किया जा रहा है। संजय सिंह ने उम्मीद जताई कि पुरुष वर्ग में पांच से छह और महिला वर्ग में चार पदक भारतीय टीम के खाते में आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि विवादों के बावजूद टीम आगामी प्रतियोगिता के लिए तैयार है।