फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Video: बढ़ता जलस्तर देख घर छोड़ने लगे फैजुल्लागंज के लोग, नाव से जा रहे परिवार

गोमती नदी का बढ़ता जलस्तर फैजुल्लागंज में अब लोगों के घरों की दहलीज तक पहुंच गया है। मिल्लत नगर, मामा कॉलोनी, निगम कॉलोनी और पवन विहार में पानी बढ़ने से परिवार घर छोड़कर सुरक्षित ठिकानों की ओर जाने लगे हैं। कई लोग नाव से बच्चों और जरूरी सामान को बाहर निकाल रहे हैं। वहीं कुछ लोग घर में चोरी की आशंका के चलते घुटनों तक पानी के बीच रहने को मजबूर हैं। बंधा रोड पर करीब 60 फीट तक पानी पहुंचने से हालात और बिगड़ गए हैं। जलभराव प्रभावित इलाकों में लोगों का कहना है कि जलस्तर घटने के बजाय लगातार बढ़ रहा है। घरों में पानी पहुंचने से रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो गई है। कई परिवारों ने बच्चों और महिलाओं को रिश्तेदारों के यहां भेज दिया है, जबकि कुछ लोग किराये पर रहने की तैयारी कर रहे हैं। लोगों को घर में रखे सामान के खराब होने और चोरी की भी चिंता सता रही है। मिल्लत नगर निवासी धर्मेश ने बताया कि घर के चारों ओर गंदा पानी भरा है और बदबू के कारण रहना मुश्किल हो गया है। पानी की निकासी होने तक उन्होंने किराये पर कहीं और रहने का फैसला किया है। निगम कॉलोनी निवासी शिखा के दो छोटे बेटे हैं, जो कक्षा तीन और चार में पढ़ते हैं। घर में पानी पहुंचने के बाद वह दोनों बच्चों के साथ खदरा स्थित मायके चली गईं। उनका कहना है कि पानी में सांप और अन्य जीव-जंतु दिखाई दे रहे हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर बना हुआ है। बेटे को गांव भेजा, बेटियों के साथ किराये पर जाएंगी मामा कॉलोनी निवासी मीनू अवस्थी दो बेटियों और एक बेटे के साथ रहती हैं। जलभराव बढ़ने पर उन्होंने बेटे को बाराबंकी स्थित गांव भेज दिया है। अब वह दोनों बेटियों के साथ कॉलोनी से बाहर किराये पर रहने जा रही हैं। उनका कहना है कि घर में रहना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारी बाहर से स्थिति देखकर लौट जाते हैं और कॉलोनी के अंदर राहत के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं पहुंच रही है। लोगों के मुताबिक नाव के लिए भी घंटों इंतजार करना पड़ता है। हालांकि प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी होने की बात कही जा रही है। स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों को दवाएं भी दी जा रही हैं। पानी में निकले सांप ने सब्जी विक्रेता को काटा मामा कॉलोनी निवासी सब्जी विक्रेता राम किशन गुप्ता (50) को बृहस्पतिवार देर शाम करीब आठ बजे पानी में निकले सांप ने काट लिया। वह घर के दरवाजे पर खड़े थे। सांप के काटने के बाद बेटे दुर्गेश उन्हें आनन-फानन राहत शिविर लेकर पहुंचे, लेकिन शिविर बंद मिला। इसके बाद शिविर के बाहर खड़ी एंबुलेंस से राम किशन को बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें इंजेक्शन लगाया गया। फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें