राजधानी के अवध बस स्टैंड के मुख्य गेट के पास पिछले करीब दस दिनों से कूड़े का ढेर लगा हुआ है, जिससे आने-जाने वाले राहगीरों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वाहन चालकों के अनुसार बस स्टैंड के मुख्य गेट के सामने रोड पर ही कचरा फेंके जाने से रोड का आधा हिस्सा बंद हो गया है। सुबह-शाम बसों के आवागमन के समय यहां जाम की स्थिति बन जाती है। पैदल राहगीरों को कूड़े के ढेर से बचकर निकलना पड़ता है तो वहीं दो-पहिया और ई-रिक्शा चालकों को भी जाम में फंसना पड़ता है। कूड़े के ढेर से कई बार कचरा सड़क पर फैल जाने से फिसलन का भी खतरा बना रहता है।