लखनऊ में जानकीपुरम सेक्टर-डी स्थित सचिवालय कॉलोनी से सटे अकिलापुर गांव में शिव मंदिर के पास आंधी-बारिश में गिरा बिजली का खंभा तीन दिन बाद भी नहीं हटाया गया है। खंभा एक दीवार के सहारे टिका है और स्थानीय लोगों के मुताबिक इसमें अभी भी करंट दौड़ रहा है। मंदिर के पास होने के कारण लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे हादसे की आशंका को लेकर लोग चिंतित हैं। स्थानीय निवासी शैलेंद्र वर्मा और महेंद्र ने बताया कि बारिश के दौरान चली तेज आंधी में पेड़ गिरने से बिजली का खंभा उसकी चपेट में आ गया था। इसके बाद खंभा गिरने की कगार पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी। आरोप है कि बिजलीकर्मी मौके पर पहुंचे और सीढ़ी लगाकर चले गए, लेकिन खंभे को हटाने या सुरक्षित करने की कार्रवाई नहीं की। लोगों का कहना है कि खंभे में करंट होने से किसी के संपर्क में आने पर गंभीर हादसा हो सकता है। उन्होंने बिजली विभाग से तत्काल खंभा हटाने और आपूर्ति व्यवस्था सुरक्षित करने की मांग की है। क्षेत्र जीएसआई विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत आता है।