लखनऊ में लाला लाजपत राय वार्ड के सबौली स्थित जिओ पार्क के पास सीवर लाइन उफनने से सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। नालियां भी कूड़े से चोक हैं। इससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मोहम्मद रिजवान ने कि सीवर का पानी सड़क पर भरने से इस रास्ते से निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं, दुकानदार मीना ने बताया कि गंदे पानी और दुर्गंध के कारण दुकान पर बैठना तक मुश्किल हो गया है। रोजी-रोटी के लिए मजबूरी में दुकान खोलकर बैठना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद से कई बार समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि पार्षद वोट न देने की बात कहकर क्षेत्र के विकास कार्यों की उपेक्षा कर रहे हैं। लोगों ने सीवर की सफाई और नालियों से कूड़ा हटाकर समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की है।