अमर उजाला ब्यूरो झांसी। कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार में लालू राज के जंगलराज के खिलाफ 20 साल बाद भी उनके बेटे को जनादेश नहीं मिला है। वैसे ही यूपी में भी पच्चीसों साल तक अखिलेश यादव को जनादेश नहीं मिलेगा। सोमवार को उन्होंने यह बात सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत के दौरान कही। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि 2012 से 2017 तक सपा शासनकाल में हुई गुंडई, जंगलराज, जमीनों पर कब्जे, महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं और आए दिन होने वाले दंगों को प्रदेश के लोग भूले नहीं हैं। जबकि, 2017 में प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद आज पूरे देश में यूपी की कानून-व्यवस्था को लेकर चर्चा है। शांतिप्रिय और विकास चाहने वाले लोग भाजपा के साथ हैं। सपा-कांग्रेस के गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह विषय भाजपा के लिए विचारणीय नहीं है। भाजपा हमेशा इलेक्शन मोड में रहती है। पार्टी को बेहतरीन कानून-व्यवस्था, यूपी के बदले स्वरूप, जनकल्याणकारी नीतियों के आधार पर प्रदेश में 50 फीसदी से अधिक वोटरों का आशीर्वाद मिलेगा। प्रचंड बहुमत से तीसरी बार कमल खिलेगा। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव में भाजपा की हार पर समीक्षा को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि यह काम संगठन का है। चुनाव से कथाओं का कोई सरोकार नहीं चुनाव से ठीक पहले झांसी में कथाओं के आयोजनों को लेकर पत्रकारों की ओर से पूछे गए सवाल पर मंत्री जयवीर सिंह बोले कि चुनाव से कथाओं का कोई सरोकार नहीं है। जिसकी आस्था, भावना है, वो कथा कराए, उससे चुनाव से क्या सरोकार। सनातन, संस्कृति, विरासत, धरोहरों को सम्मान देने का काम हिंदुस्तान में नहीं होगा तो क्या पाकिस्तान, बांग्लादेश में होगा।