संवाद न्यूज एजेंसी झांसी। शहर के इस्कॉन मंदिर में गोवर्धन पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। महोत्सव में हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान गोवर्धन महाराज, श्रीकृष्ण और राधा रानी के दर्शन किए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान का अभिषेक, महाभिषेक और भव्य श्रृंगार किया गया। साथ ही गौ माता का विधि-विधान से पूजन कर विश्व शांति, जनकल्याण और सुख-समृद्धि की कामना की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह मंगला आरती के साथ हुआ। इसके बाद मंदिर के ब्रह्मचारी व्रज जन रंजन दास प्रभु ने गोवर्धन महाराज की कथा सुनाई। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनकी शिक्षाओं का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान की शिक्षाओं को जीवन में अपनाकर ही वास्तविक शांति और सुख प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर गौ भक्त पीयूष रावत ने गौ माता की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में गौ माता का विशेष स्थान है। गौ सेवा और गोपालन प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य होना चाहिए। उन्होंने लोगों से गौ संरक्षण और गौ सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। महोत्सव में भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए। इसके बाद भव्य महाआरती हुई। मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन और बधाई गीतों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की। मंदिर के उपाध्यक्ष व्रज जन रंजन दास ने कहा कि कलियुग में हरिनाम संकीर्तन आध्यात्मिक शांति प्राप्त करने का सरल मार्ग है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नियमित रूप से हरिनाम संकीर्तन और भगवान की भक्ति से जुड़ने का आग्रह किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर मंदिर के प्रमुख सहयोगी पीयूष-प्रियाता रावत, अशोक सेठ, डॉ. अशोक गुप्ता, मनीष नीखरा, सुरेंद्र राय, महेश सर्राफ, अजय अग्रवाल, करुणासिंधु दास, दामोदर बंधु दास, भक्त विपिन, भक्त विवेक, सुंदर मोहन दास, माहेश्वरचन्द्र दास, अनुभव दुबे, पीयूष पुरवार, विपिन कुमार, मनीष कुमार, अंकित केसरिया और प्रभात शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। अंत में प्रिय गोविंद प्रभु ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।