झांसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर शहर के मंदिरों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य कर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में रंग जमाया। मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों में शंख, घंटे और घड़ियाल गूंज उठे। भगवान बालकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्री कुंज बिहारी मंदिर में जन्माष्टमी पर्व पर श्रद्धालुओं ने भक्ति गीतों पर नृत्य किया। भगवान को फूल बंगला समर्पित किया गया। रात 12 बजे भगवान के जन्म के समय शंख एवं घंटे-घड़ियाल गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने भगवान बालकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान धर्माचार्य महंत राधा मोहन दास महाराज, पवन दास, बालकदास, मनु महाराज आदि मौजूद रहे। श्री गोविंद जी महाराज मंदिर में मध्यरात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण की महाआरती हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान के जयकारे लगाए। कार्यक्रम में गहोई वैश्य पंचायत अध्यक्ष राम प्रकाश नाछोला, पं. संजीव दुबे, प्रकाश गुप्ता, नितिन सरावगी आदि मौजूद रहे।