बबीना। गौशाला के सामने एनएच-44 पर गोवंश के जमावड़े को लेकर खबर प्रकाशित होने के बाद भी हालात में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। बबीना ग्रामीण क्षेत्र में गौशाला के सामने और बबीना टोल से करीब 500 मीटर पहले रात के समय बड़ी संख्या में गोवंश हाईवे पर बैठे और घूमते नजर आ रहे हैं। एनएच-44 पर इस स्थान से दिन-रात तेज रफ्तार वाहन और भारी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क पर बैठे गोवंश वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बने हुए हैं। रात के समय अंधेरे में अचानक सामने आ जाने वाले गोवंश से दुर्घटना की आशंका और बढ़ जाती है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि गौशाला के ठीक सामने और टोल से महज 500 मीटर पहले गोवंश हाईवे तक कैसे पहुंच रहे हैं। यदि गौशाला में गोवंश को सुरक्षित रखने की व्यवस्था है तो उन्हें सड़क तक पहुंचने से रोकने के इंतजाम क्यों नहीं किए गए हैं। वहीं, हाईवे की सुरक्षा से जुड़े जिम्मेदारों की नजर भी इस गंभीर स्थिति पर नहीं पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर गोवंश का जमावड़ा लंबे समय से परेशानी का कारण बना हुआ है। समय रहते गोवंश को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया गया तो किसी बड़े हादसे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। खबर प्रकाशित होने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब देखना है कि जिम्मेदार इस खतरे को गंभीरता से लेते हुए गोवंश को हाईवे से हटाने के लिए कब तक प्रभावी कदम उठाते हैं।