संवाद न्यूज एजेंसी ओरछा। थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-01 स्थित स्टेशन मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर सीएनजी गैस सिलिंडर में आग लगने से 12 लोग झुलस गए। हादसा कबाड़ी का काम करने वाले खलील के घर हुआ। बताया गया है कि खलील पुराने सिलिंडर को काट रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से सिलिंडर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें देखकर मोहल्ले के लोग खलील के मकान के पास पहुंचे। उन्होंने गेट तोड़कर अंदर फंसे बच्चों और परिवार के लोगों को बाहर निकाला। हादसे के समय खलील की पत्नी परवीन बानो अपनी बेटी जूली को ग्वालियर भेजने के लिए गाड़ी बुक कराने गई थीं। आग इतनी भीषण थी कि खलील के मकान का छप्पर जलकर गिर गया। आग पड़ोस में रहने वाले साहिल खान के घर तक भी पहुंच गई, जिससे उनके तीन बच्चे भी झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की एफआरवी और ओरछा थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस और राहत दल ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर जमुना भिड़े और पुलिस अधीक्षक डॉ. रायसिंह नरवरिया घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेकर राहत एवं बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। इसके बाद दोनों अधिकारी अस्पताल पहुंचे और भर्ती घायलों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे में ये हुए घायल हादसे में खलील (60), समीर (30), गोपी उर्फ अनीश (37), एजाज, मैया उर्फ रूबी (30), शहनाज (34), नीलोफर (35), माहिरा (8), अन्नाह (5), हलीम (9), अब्बू हैदर (8) और जूली (30) झुलस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खलील, समीर और माहिरा की हालत गंभीर है। सभी घायलों का उपचार जारी है। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।