अमर उजाला ब्यूरो, कोलकाता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर पश्चिम बंगाल में एक करोड़ से अधिक परिवारों को जोड़कर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को कहा कि 17 सितंबर को राज्य में ‘अन्नपूर्णा दिवस’ मनाया जाएगा। सूर्यास्त के बाद ‘आशीर्वाद के दीये’ कार्यक्रम के तहत घर-घर दीप जलाए जाएंगे। कोलकाता में गंगा किनारे मुख्य कार्यक्रम होगा। विक्टोरिया मेमोरियल, नबान्न, राइटर्स बिल्डिंग समेत प्रमुख सरकारी और ऐतिहासिक इमारतों तथा कालीघाट मंदिर को भी दीपों से सजाने की योजना है। शुभेंदु ने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को ध्यान में रखते हुए राज्यभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 80 हजार से अधिक स्कूलों को भी इन कार्यक्रमों से जोड़ने की तैयारी है। विद्यार्थियों के लिए ‘विकसित भारत-2047’ विषय पर चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, भाषण, वाद-विवाद और लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।