कुटलैहड़ क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लठियाणी में रविवार को अंडर-19 छात्राओं की जोनल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में बंगाणा उपमंडल के विभिन्न विद्यालयों से पहुंची छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और अलग-अलग खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विद्यालय पहुंचने पर आयोजकों और विद्यार्थियों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में हिस्सा ले रही छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विवेक शर्मा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, सेना, चिकित्सा, कला और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में बेटियां अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं और अलग पहचान बना रही हैं। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली छात्राओं में भी खेल प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत इस बात की है कि उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के लिए उचित मंच, बेहतर खेल सुविधाएं और निरंतर प्रोत्साहन मिले। उन्होंने कहा कि जोनल स्तर की ऐसी प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी देती हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया।