इंदिरा गांधी खेल परिसर ऊना में गवर्नमेंट कॉलेज ऊना की ओर से आयोजित इंटर कॉलेज हॉकी चैंपियनशिप का विधिवत शुभारंभ जिला पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने किया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस चैंपियनशिप में लड़कों के वर्ग में 8 कॉलेजों और लड़कियों के वर्ग में 6 कॉलेजों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 224 खिलाड़ी अपनी हॉकी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर एसपी सचिन हिरेमठ ने गवर्नमेंट कॉलेज ऊना की प्रिंसिपल और समस्त स्टाफ को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने और पूरे उत्साह के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता जीतने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित होती है। मीडिया से बातचीत में एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि तंदुरुस्त शरीर से ही सजग और सतर्क दिमाग का निर्माण होता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत और नशा मुक्त हिमाचल के संकल्प को पूरा करने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवा जितना अधिक खेल गतिविधियों से जुड़ेंगे, उतना ही उनका मानसिक स्वास्थ्य और शारीरिक फिटनेस बेहतर होगी। खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ नशे जैसे भटकाव से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी हैं। एसपी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित एंटी चिट्टा वॉकाथॉन के माध्यम से भी युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट होने का संदेश दिया गया था। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों के साथ खेल प्रतियोगिताएं भी युवाओं में सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि इंटर कॉलेज हॉकी चैंपियनशिप जैसी प्रतियोगिताओं से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि और बढ़ेगी तथा उन्हें अपनी प्रतिभा को आगे ले जाने के बेहतर अवसर मिलेंगे।