फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ऊना में मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीसी-एसपी ने इंदिरा मैदान और रैली रूट का लिया जायजा

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के प्रस्तावित ऊना दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन के दौरान बच्चों की ओर से नशे के खिलाफ आयोजित जागरूकता रैली को लेकर बुधवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल और रैली मार्ग का निरीक्षण किया। डीसी ऊना, एसपी ऊना, एसडीएम ऊना समेत अन्य अधिकारियों ने इंदिरा मैदान पहुंचकर वहां होने वाली गतिविधियों की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान मंच, बच्चों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश और निकास के रास्तों के साथ सुरक्षा इंतजामों को लेकर चर्चा की गई। अधिकारियों ने इंदिरा मैदान के बाहर मुख्य सड़क और रैली से जुड़े मार्गों का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में बच्चों और आम लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर मौके पर स्थिति देखी गई। इस दौरान वाहनों की पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, रैली के रूट और प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बच्चों की ओर से आयोजित की जा रही जागरूकता रैली का उद्देश्य समाज में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता फैलाना है। रैली के माध्यम से युवाओं और विशेषकर बच्चों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले बच्चों और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए सुरक्षा से लेकर यातायात तक सभी व्यवस्थाओं को पहले से व्यवस्थित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और लोगों की आवाजाही को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे। नशे के खिलाफ जागरूकता को लेकर आयोजित होने वाली यह रैली युवाओं में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और समाज की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें