हिमाचल प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि को एक नवंबर 2026 से लागू करने की अधिसूचना जारी होने के बाद आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन ने सरकार के फैसले पर सवाल उठाए हैं। यूनियन के आह्वान पर शुक्रवार 23 अक्तूबर को प्रदेश के प्रत्येक जिले में आंगनबाड़ी परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों व सहायिकाओं ने मानदेय वृद्धि की अधिसूचना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। यूनियन ने मांग की कि बजट सत्र में घोषित मानदेय वृद्धि को अप्रैल 2026 से ही लागू किया जाए और अप्रैल से अक्टूबर तक का बकाया एरियर भी दिया जाए। यूनियन की राज्य अध्यक्ष नीलम जसवाल और राज्य महासचिव बीना शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में मानदेय वृद्धि की घोषणा कर वाहवाही लूटने की कोशिश की, लेकिन जब आंगनबाड़ी कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ देने की बारी आई तो इसे एक नवंबर से लागू करने का निर्णय लिया गया।