माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर के मुख्य बैरियर के समीप शुक्रवार को श्रद्धालुओं की दो गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक अर्टिगा गाड़ी का ड्राइवर साइड का दरवाजा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में चालक बाल-बाल बच गया और किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई। जानकारी के अनुसार, अर्टिगा गाड़ी का चालक मुख्य बैरियर के पास अपनी गाड़ी रोककर जैसे ही ड्राइवर साइड का दरवाजा खोलने लगा, उसी दौरान पीछे से आ रही श्रद्धालुओं की एक अन्य कार ने खुले दरवाजे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि अर्टिगा गाड़ी का दरवाजा टूटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि, किसी को गंभीर चोट नहीं आने के चलते दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से मामले को सुलझा लिया। इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई गई।